पलामू: छतरपुर में पारिवारिक विवाद ने ली दो जानें, दामाद ने सास की हत्या की, परिजनों ने की दामाद की हत्या”
पलामूः छतरपुर थाना क्षेत्र के कउवल में शुक्रवार को मानसिक रूप से कमजोर एक दामाद ने अपनी सास की हत्या कर दी. बाद में ससुराल वालों ने भी दामाद की हत्या कर दी. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पंहूच गई और मामले में छानबीन कर रही है. दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
बिहार के औरंगाबाद के कुटुंबा थाना क्षेत्र के खेतपुरा के रहने वाले प्रमोद कुमार की शादी 2021 में कउवल के रहने वाली शोभा कुमारी कर साथ हुई थी. जानकारी के अनुसार प्रमोद कुमार इलाज के लिए अपने ससुराल आया हुआ था. इसी क्रम में उसने कुदाल से अपनी सास सुशीला देवी की हत्या कर डाली. हत्या करने के बाद वह ससुराल से भाग रहा था. इसी क्रम में परिजनों ने पकड़कर उसकी भी हत्या कर दी.
घटना के बाद परिजन और स्थानीय ग्रामीणों ने छतरपुर थाना को इसकी सूचना दी. छतरपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों के शव को अपने कब्जे में लिया. एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि दोनों की हत्या हुई है. पहले सास की हत्या हुई, उसके बाद दामाद की हत्या की गई है. पुलिस पूरे मामले में छानबीन कर रही है. इधर घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार दामाद ने घर में रखे कुदाल से अपनी सास को दौड़ा-दौड़ा कर मार कर हत्या कर दी.

