पेपर लीक के खिलाफ हुसैनाबाद के लोगों का फूटा गुस्सा, एसडीओ को सौंपा ज्ञापन; नीट-यूजी और यूजीसी-नेट परीक्षा की निष्पक्षता की उठाई मांग

हुसैनाबाद ,पलामू:देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित प्रश्नपत्र लीक के मामलों को लेकर बढ़ते आक्रोश के बीच हुसैनाबाद शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने अनुमंडल पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार का ध्यान नीट-यूजीऔर यूजीसी-नेट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं में सामने आए कथित पेपर लीक मामलों की ओर आकर्षित कराया गया। ज्ञापन के पूर्व गांधी चौक से जेपी चौक तक पैदल मार्च किया गया और जेपी चौक पर सभा आयोजित की गई। सभा में नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती, उपाध्यक्ष सुनील कुमार चौधरी,पूर्व अध्यक्ष उषा देवी एवं बसपा नेता शेर अली, वारिस खान सहित कई अन्य शामिल थे।
ज्ञापन में कहा गया है कि शिक्षा माफियाओं और कथित राजनीतिक संरक्षण के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। इससे लाखों मेहनती विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और उनमें निराशा का माहौल बन रहा है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि ऐसे मामलों के कारण कई छात्र मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं, इसलिए दोषियों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई आवश्यक है।
हुसैनाबाद के लोगों ने मांग की कि नीट-यूजीऔर यूजीसी-नेट समेत सभी प्रतियोगी परीक्षाएं पूरी सुरक्षा, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ आयोजित की जाएं। साथ ही सरकार ऐसी ठोस व्यवस्था लागू करे, जिससे भविष्य में प्रश्नपत्र लीक जैसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लग सके और देश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके।
ज्ञापन में कहा गया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की साख बनाए रखना देश के लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ा विषय है। इसलिए सरकार इस दिशा में कठोर कदम उठाकर दोषियों को कड़ी सजा दे तथा परीक्षाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित करे। ज्ञापन पर हुसैनाबाद शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के कई लोगों के हस्ताक्षर भी मौजूद हैं।