पीएम श्री विद्यालय में सूखा पेड़ बना खतरा, कभी भी हो सकती है बड़ी दुर्घटना

शिक्षा विभाग की उदासीनता से पीएम श्री विद्यालय में मंडरा रहा खतरा, कभी भी हो सकती है अनहोनी
केतार : पीएम श्री राजकीय मध्य विद्यालय परिसर में खड़ा सूखा लिप्टिस का पेड़ बच्चों और शिक्षकों के लिए खतरा बना हुआ है। लगभग तीन से चार वर्ष पुराना यह पेड़ बीच से फट चुका है, जिससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। विद्यालय में करीब 600 छात्र-छात्राएं पढ़ाई करते हैं, लेकिन इसके बावजूद शिक्षा विभाग इस गंभीर समस्या को लेकर उदासीन बना हुआ है।
विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने बताया कि सूखे पेड़ को हटाने के लिए संबंधित विभाग को लिखित आवेदन भी दिया गया है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। विभागीय लापरवाही के कारण अभिभावकों और ग्रामीणों में काफी नाराजगी देखी जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पेड़ को नहीं हटाया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने शिक्षा विभाग और प्रशासन से अविलंब कार्रवाई कर सूखे पेड़ को हटाने की मांग की है, ताकि विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।