पचम्बा दुर्गा पूजा समिति का गठन, संजय कंधवे अध्यक्ष और दीपक साह बने सचिव
गिरिडीह। सार्वजनिक दुर्गा स्थान पचम्बा के मंदिर प्रांगण में आगामी दुर्गापूजा आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पचम्बा समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। बैठक में वर्ष 2026 की दुर्गापूजा को भव्य, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से संजय कुमार कंधवे को अध्यक्ष तथा दीपक साह को सचिव चुना गया। प्रमोद कंधवे और पवन कंधवे को उपाध्यक्ष, जबकि सूरज यादव, सुंदर पांडेय और महादेव पांडेय को उपसचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
समिति के अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों को पूजा आयोजन से जुड़े विभिन्न कार्यों की जिम्मेदारी देने पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में वर्ष 2025 की दुर्गापूजा के दौरान हुए खर्च का पूरा विवरण उपस्थित लोगों के समक्ष रखा गया। पूजा समिति की ओर से पिछले वर्ष के आय-व्यय का ब्यौरा साझा करने के बाद लोगों ने इस बार के आयोजन को बेहतर बनाने हेतु अपने सुझाव भी दिए।
दुर्गापूजा के अवसर पर आयोजित होने वाले मेले की सुरक्षा एवं व्यवस्था पर विशेष चर्चा हुई। मेला परिसर के चारों ओर वालंटियरों की तैनाती करने की योजना तैयार की गई, ताकि श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित किया जा सके, आवागमन सुचारु रहे और किसी भी अव्यवस्था की स्थिति में त्वरित निपटारा हो सके।
पदाधिकारियों ने बताया कि पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, इसलिए पूजा, मेला, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त किया जाएगा। बैठक में मौजूद लोगों ने आयोजन की सफलता हेतु हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिया।

