झारखंड बंद का गिरिडीह में असर, पपरवाटाड़ में सड़क जाम से वाहनों की लगी लंबी कतार
गिरिडीह। झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर बुधवार को आयोजित झारखंड बंद का असर गिरिडीह में भी दिखा। बंद समर्थकों ने पपरवाटाड़ स्थित पुराने टोल प्लाजा के समीप गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क पर वाहनों का आवागमन ठप होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
आंदोलनकारी सड़क पर बैठकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते रहे। उनका कहना था कि झारखंड आंदोलनकारियों को उचित सम्मान, पहचान और अधिकार मिलना चाहिए। मोर्चा की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर 29 सितंबर की शाम मशाल जुलूस निकाला गया था, जबकि 30 सितंबर को संपूर्ण झारखंड बंद का आह्वान किया गया। राज्यस्तरीय बंद के पीछे आंदोलनकारियों की लंबित मांगें प्रमुख मुद्दा हैं।
सड़क जाम की सूचना मिलने पर पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने आंदोलनकारियों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया, जिसके बाद मुख्य मार्ग पर वाहनों का परिचालन सामान्य हुआ। हालांकि, लंबे समय तक जाम रहने से आम लोगों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

