पाटन में पुलिस का संयुक्त एंटी क्राइम अभियान, दोपहिया-चारपहिया वाहनों की सघन जांच

पाटन में पुलिस का संयुक्त एंटी क्राइम अभियान, दोपहिया-चारपहिया वाहनों की सघन जांच

पाटन (पलामू)। पलामू पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर गुरुवार को पाटन प्रखंड में संयुक्त एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस निरीक्षक सुरेश मंडल के नेतृत्व में पाटन-पचकेड़िया-पदमा मुख्य मार्ग पर चले अभियान में पाटन थाना प्रभारी अनिल विद्यार्थी, नावाजयपुर थाना प्रभारी सतीश कुमार गुप्ता और किशुनपुर ओपी प्रभारी चंद्रशेखर यादव पुलिस टीम के साथ शामिल रहे। इस दौरान मार्ग से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन जांच कर दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।

पुलिस ने चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी। साथ ही वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। अधिकारियों के मुताबिक क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर निगरानी के उद्देश्य से इस तरह के संयुक्त एंटी क्राइम चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे।