पाटन में नए अंचल अधिकारी आशीष कुमार ने संभाला पदभार, भूमि मामलों के त्वरित निष्पादन पर दिया जोर
पाटन में नए अंचल अधिकारी आशीष कुमार ने संभाला पदभार, भूमि मामलों के त्वरित निष्पादन पर दिया जोर
पाटन (पलामू): पाटन प्रखंड कार्यालय में शनिवार को नवपदस्थापित अंचल अधिकारी आशीष कुमार ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। उन्हें पाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रभारी अंचलाधिकारी डॉ. अमित कुमार झा ने योगदान दिलाया।
पदभार ग्रहण करने के बाद अंचल अधिकारी आशीष कुमार ने कहा कि भूमि एवं राजस्व से जुड़े मामलों का त्वरित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निष्पादन उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि दाखिल-खारिज, जमाबंदी, भूमि विवाद एवं अन्य राजस्व मामलों से संबंधित लंबित आवेदनों का शीघ्र निपटारा किया जाएगा, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि भूमि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन दें। प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर अंचल कार्यालय के प्रधान सहायक, राजस्व कर्मचारी, कंप्यूटर ऑपरेटर सहित अंचल कार्यालय के अन्य कई कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने नवपदस्थापित अंचल अधिकारी का स्वागत करते हुए उन्हें सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
नए अंचल अधिकारी के योगदान से क्षेत्र के लोगों में भूमि एवं राजस्व संबंधी मामलों के त्वरित निष्पादन की उम्मीद जगी है। वहीं, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रभारी अंचलाधिकारी डॉ. अमित कुमार झा ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए जनहित में बेहतर कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।


