पांकी में वज्रपात का कहर: वृद्ध महिला व 12 वर्षीय बालक की मौत, क्षेत्र में शोक

पांकी में वज्रपात का कहर: वृद्ध महिला व 12 वर्षीय बालक की मौत, क्षेत्र में शोक।

बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़, मुआवजे की मांग।

पांकी प्रखंड में गुरुवार को हुई वज्रपात की दो अलग-अलग घटनाओं में एक वृद्ध महिला और एक 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद दोनों गांवों में मातम पसरा हुआ है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्सु गांव अंतर्गत ढूब पंचायत निवासी चिंता कुंवर (60 वर्ष), पति स्वर्गीय तेतर ठाकुर, नदी किनारे अपनी गाय के पास एक पेड़ के नीचे खड़ी थीं। इसी दौरान अचानक तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन एवं ग्रामीण उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पांकी ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना गोंगो गांव में हुई, जहां अनेश कुमार (12 वर्ष), पिता बबलू मोची, गाय बांधने के लिए घर से बाहर गया था। इसी दौरान वह भी वज्रपात की चपेट में आ गया। घटना में गंभीर रूप से घायल अनेश कुमार को परिजन तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एक ही दिन में वज्रपात से दो लोगों की मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोनों पीड़ित परिवारों को आपदा राहत के तहत उचित मुआवजा एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मामले की जानकारी जुटाने में लगे रहे। खबर लिखे जाने तक दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी चल रही थी। स्थानीय लोगों ने बारिश एवं खराब मौसम के दौरान लोगों से खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।