पांकी में NSS स्वयंसेवकों का डोर-टू-डोर स्वच्छता अभियान, ग्रामीणों को दिया जागरूकता का संदेश

पांकी में NSS स्वयंसेवकों का डोर-टू-डोर स्वच्छता अभियान, ग्रामीणों को दिया जागरूकता का संदेश

पांकी। डंडारकला स्थित मजदूर किसान महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई ने स्वच्छता पखवाड़ा के तहत गोद लिए गए गांव डंडारकला में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया। एनएसएस स्वयंसेवकों ने घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया और स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, स्वच्छ पेयजल तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान गीले और सूखे कचरे के उचित निस्तारण, खुले में कचरा नहीं फेंकने और आसपास साफ-सफाई रखने की अपील की गई। स्वयंसेवकों ने ‘स्वच्छता अपनाएं, बीमारी भगाएं’, ‘स्वच्छ घर—स्वस्थ परिवार’ और ‘स्वच्छ गांव—हमारी पहचान’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को प्रेरित किया।

अभियान का नेतृत्व महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिलीप कुमार राम के मार्गदर्शन में हुआ। एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. बंसीधर सिंह समेत शिक्षक, कर्मचारी और स्वयंसेवक अभियान में शामिल रहे। प्राचार्य डॉ. दिलीप कुमार राम ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या किसी संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ जीवन, स्वच्छ समाज और विकसित भारत की आधारशिला है। कार्यक्रम के अंत में स्वयंसेवकों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर भविष्य में भी ऐसे जागरूकता अभियानों को जारी रखने का संकल्प लिया।