भाकपा माले के वरिष्ठ नेता आर.एन. सिंह का निधन, पांकी में शोक की लहर
भाकपा माले के वरिष्ठ नेता आर.एन. सिंह का निधन, पांकी में शोक की लहर
पांकी, पलामू। पांकी प्रखंड के करार गांव निवासी और भाकपा माले के वरिष्ठ नेता रामनरेश सिंह उर्फ आर.एन. सिंह का रांची स्थित रामप्यारी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उनका इलाज चल रहा था। निधन की खबर मिलते ही करार गांव सहित पूरे पांकी प्रखंड में शोक की लहर दौड़ गई। लंबे समय तक सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय रहे आर.एन. सिंह के निधन को पार्टी सहित विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने बड़ी क्षति बताया। वे भाकपा माले की राज्य कमिटी के सदस्य रहे और पलामू जिला कमिटी के सचिव की जिम्मेदारी भी निभा चुके थे। गरीबों, मजदूरों, किसानों और शोषित-वंचित वर्गों की समस्याओं को लेकर वे लगातार आवाज उठाते रहे।
निधन की खबर के बाद उनके पैतृक आवास पर श्रद्धांजलि देने वालों की भीड़ जुटने लगी। बड़ी संख्या में ग्रामीणों, पार्टी कार्यकर्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों ने उनके अंतिम दर्शन किए। अंतिम यात्रा में भाकपा माले के स्थानीय से लेकर जिला और राज्य स्तर के नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान प्रखंड प्रमुख पंचम प्रसाद, उप प्रमुख अमित चौहान, भाजपा नेत्री डॉ. लवली गुप्ता, नेहाल अंसारी, हफीजुल अंसारी, रफीक अंसारी समेत कई मुखिया, पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने आर.एन. सिंह को संगठन का समर्पित, अनुभवी और संघर्षशील नेता बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

