छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर BJP का सरकार पर हमला, रितेश चौबे ने लगाए गंभीर आरोप

छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर BJP का सरकार पर हमला, रितेश चौबे ने लगाए गंभीर आरोप

रांची। विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों और युवाओं पर हुए लाठीचार्ज तथा पत्रकारों को न्यूज कवरेज से कथित तौर पर रोके जाने को लेकर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रितेश चौबे ने हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है और शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को विरोध और प्रदर्शन का अधिकार है, जबकि पत्रकारों को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माना जाता है। ऐसे में पत्रकारों को कवरेज से रोकना और कथित रूप से फर्जी मुकदमा दर्ज करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

रितेश चौबे ने आरोप लगाया कि झारखंड में JPSC, JSSC, आचार्य शिक्षक बहाली और JTET समेत विभिन्न नियुक्ति प्रक्रियाओं को लेकर छात्र लगातार सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांग है कि CGL परीक्षा को रद्द किया जाए और JPSC-JSSC से जुड़े मामलों की CBI जांच कराई जाए। भाजपा नेता ने दावा किया कि सरकार छात्रों और युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और सरकार को छात्रों, युवाओं और पत्रकारों की आवाज सुननी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों की अनदेखी के खिलाफ भाजपा का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।