पांकी के तेतराईं में श्री राधा कृष्ण मंदिर प्राण प्रतिष्ठा व दस दिवसीय महायज्ञ कलश यात्रा के साथ शुरू

पांकी के तेतराईं में श्री राधा कृष्ण मंदिर प्राण प्रतिष्ठा व दस दिवसीय महायज्ञ कलश यात्रा के साथ शुरू

​पांकी प्रखंड के तेतराईं (चट्टी) में रविवार को भव्य कलश यात्रा के साथ श्री राधा कृष्ण मंदिर प्राण प्रतिष्ठा सह श्री राम चरित मानस नवाह्न पारायण पाठ महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। दस दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर पूरे क्षेत्र का माहौल भक्तिमय हो गया है।
​कलश यात्रा की शुरुआत से पूर्व महायज्ञ कमेटी के सदस्यों ने समारोह में पहुंचे अतिथियों का चुनरी और माला पहनाकर भव्य स्वागत व अभिनंदन किया।
​कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पांकी के विधायक कुशवाहा डॉ. शशि भूषण मेहता शामिल हुए। उनके साथ भाजपा नेत्री लवली गुप्ता, प्रमुख पंचम प्रसाद, उपप्रमुख अमित चौहान और जिला परिषद सदस्य निधि सिंह ने संयुक्त रूप से श्रद्धालुओं के बीच कलश का वितरण किया। इसके बाद ढोल-नगाड़े, गाजे-बाजे और ‘जय श्री राम’ के गगनभेदी नारों के बीच सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु महिला-पुरुष सिर पर कलश लेकर यात्रा में शामिल हुए।
​इस पावन अवसर पर प्रोफेसर बच्चन ठाकुर, नीलांबर पितांबरपुर प्रखंड के विधायक प्रतिनिधि सुनील कुशवाहा, समाजसेवी कमेश यादव, तेतराई पंचायत के मुखिया सह यज्ञ संरक्षक राजेंद्र पांडेय, पप्पू मिश्रा, राजदेव मेहता, प्रकाश गुप्ता, सुनील गुप्ता, अनिल गुप्ता, राजू गुप्ता, संजय प्रसाद गुप्ता, बजरंगी प्रसाद गुप्ता के अलावे सैकड़ो की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।