पांकी के निजी हॉस्पिटल में जच्चा-बच्चा की मौत, नशे में ऑपरेशन करने का आरोप

पांकी के निजी हॉस्पिटल में जच्चा-बच्चा की मौत, नशे में ऑपरेशन करने का आरोप

पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के लोहरसी रोड स्थित निजी किरण सिंह हॉस्पिटल में ऑपरेशन के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत होने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है. घटना बुधवार देर रात की है जहां जच्चा-बच्चा की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने निजी नर्सिंग होम में जमकर हंगामा किया. प्रसव हेतु किए गए ऑपरेशन में शामिल डॉक्टर और अस्पताल के कर्मि घटना के बाद कमरे में बंद हो गए । गुरुवार की सुबह जब मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को मिली जिसके मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजनों से हाथों-हाथ लिखित आवेदन भी लिया एवं त्वरित कार्रवाई करते हुए किरण सिंह हॉस्पिटल के संचालक किरण सिंह एवं उनके पति अखिलेश यादव को हिरासत मे लेते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु मेदनीनगर सदर अस्पताल भिजवाया,
घटना की खबर मिलते ही निजी अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी, आक्रोशित भीड़ ने प्रशासन से तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े जिसे पुलिस कर्मियों ने समझा बुझा कर वहां से हटाया।
मिली जानकारी के अनुसार पांकी थाना क्षेत्र के कोनवाई निवासी सोनू कुमार सिंह ने अपनी पत्नी ममता देवी को प्रसव पीड़ा के बाद मेदिनीनगर में एक डॉक्टर से जांच कराई थी जहां उसे रेफर किया गया था, रेफर के बाद ममता देवी को प्रसव के लिए पांकी स्थित किरण सिंह हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. जहां बुधवार की देर रात ऑपरेशन के दौरान ममता देवी और बच्चे की मौत हो गई. मृतका के पति सोनू सिंह ने बताया कि निजी नर्सिंग होम के संचालक ने कहा था कि वे स्थिति को संभाल लेंगे, रात में जब उनकी पत्नी की हालत बिगड़ने लगी तो उन्होंने रेफर करने की भी बात कही. लेकिन अस्पताल के डॉक्टर और अन्य कर्मचारियों ने कहा कि कोई दिक्कत नहीं है, सब ठीक हो जाएगा. बाद में उनकी पत्नी और बच्चे की मौत हो गई. ममता देवी के चाचा सुरेंद्र सिंह का कहना है कि डॉक्टर और अन्य कर्मचारी नशे की हालत में मौजूद थे और शराब के नशे में ही ऑपरेशन कर रहे थे. इन सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उन्होंने की है. मृतका के परिजनों की ओर से पांकी थाने में एक आवेदन भी दिया गया है जिसमें अस्पताल कर्मियों समेत उनके सहयोगी अन्य दो लोगों पर भी कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि निजी अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत होने की जानकारी मिली है पीड़ित परिवार के द्वारा आवेदन प्राप्त हुआ है पुलिस पूरे मामले की सघनता से जांच कर रही है फिलहाल अस्पताल के संचालक को हिरासत में लिया गया है.
घटना के संबंध में पलामू के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है फिलहाल निजी अस्पताल को सील किया गया है इसके साथ ही प्रखंड क्षेत्र में अन्य निजी नर्सिंग होम की भी जांच की गई है मापदंड पर खड़े नहीं उतरने वाले नर्सिंग होम संचालकों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की बातें उन्होंने कही है।