पांकी के नौडीहा पंचायत में जंगली हाथी के घुसने से ग्रामीणों में दहशत

पांकी के नौडीहा पंचायत में जंगली हाथी के घुसने से ग्रामीणों में दहशत

जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम

पांकी प्रखंड के नौडीहा-1 पंचायत अंतर्गत ग्राम परसवां नौडीहा व बलुडीह गांव में मंगलवार की रात अचानक जंगली हाथी के प्रवेश कर जाने से इलाके में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया। गांव के किनारे बसे एक ग्रामीण ने अपने घर के समीप हाथी देखे जाने पर तुरंत इसकी सूचना पांकी प्रशासन एवं समाजसेवी प्रिंस सिंह को देते हुए वन विभाग को भी सूचित किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रिंस सिंह ने ग्रामीणों को फोन के माध्यम से एकत्र किया और मशाल जलाने व शोर-शराबा कर हाथियों को दूर भगाने की सलाह दी। इसके बाद वे स्वयं भी रात में ही गांव पहुंचकर ग्रामीणों के साथ जुट गए।
ग्रामीणों के संयुक्त प्रयासों से हाथी गांव से बाहर की ओर भाग गए। कुछ देर बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची, हालांकि तब तक हाथी इलाके से निकल चुके थे। ग्रामीणों के अनुसार हाथी 1-2 के छोटे समूह में थे, जबकि 4-5 हाथियों के झुंड की संभावना भी जताई जा रही है।
वन विभाग की टीम ने बताया कि हाथी के आने की पुष्टि हुई है और यदि किसी प्रकार का नुकसान हुआ है तो उसकी आकलन प्रक्रिया सुबह की जाएगी।
मौके पर मौजूद समाजसेवी प्रिंस सिंह ने कहा कि जब ग्रामीणों का फोन आया और उनकी आवाज में भय महसूस हुआ तो लगा कि इस समय उनके साथ खड़ा होना जरूरी है। विपरीत परिस्थितियों में साथ देना ही अपनेपन की पहचान है।