पालकोट में संपन्न हुई दो दिवसीय भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी — अंतरिक्ष तकनीक को देखकर बच्चों में जागी वैज्ञानिक जिज्ञासा
पालकोट (गुमला) – जिला शिक्षा पदाधिकारी के पहल और राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद, कोलकाता के सौजन्य से पूरे जिले में भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसी क्रम में पालकोट प्रखंड मुख्यालय स्थित कनदर्प +2 विद्यालय परिसर में दो दिवसीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें प्रखंड क्षेत्र के विद्यालयों और महाविद्यालयों से हजारों छात्र-छात्राएँ और शिक्षक शामिल हुए।
इस विज्ञान प्रदर्शनी में एक विशेष रूप से सुसज्जित वाहन में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी से संबंधित विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल और उपकरण प्रदर्शित किए गए थे। छात्र-छात्राएँ प्रदर्शनी को देखकर उत्साहित नज़र आए और अंतरिक्ष विज्ञान के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में उपस्थित गाइड ने बच्चों को प्रत्येक मॉडल की कार्यप्रणाली और उसके वैज्ञानिक सिद्धांतों के बारे में समझाया, जिससे उनमें विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और रुचि और अधिक प्रबल हुई।
भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी का उद्देश्य:
इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि जगाना, वैज्ञानिक सोच का विकास करना, व्यवहारिक कौशल एवं रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना है। इससे छात्रों में खोजी प्रवृत्ति और तार्किक दृष्टिकोण का विकास होता है, जिससे वे भविष्य में देश के निर्माण में योगदान देने वाले वैज्ञानिक बन सकें।
इस अवसर पर पम्पापुर महाविद्यालय, उच्च विद्यालय बघिमा, कनदर्प +2 विद्यालय पालकोट, उच्च विद्यालय टेंगरिया, उच्च विद्यालय झिकिरमा, प्रोजेक्ट विद्यालय पालकोट सहित क्षेत्र के कई विद्यालयों के विद्यार्थी एवं शिक्षक मौजूद रहे।

