पाल्हे विद्यालय में सर्वसम्मति से गठित हुई प्रबंधन समिति, श्वेता देवी बनीं अध्यक्ष

श्री बंशीधरनगर के पाल्हे में सर्वसम्मति से गठित हुई विद्यालय प्रबंधन समिति, श्वेता देवी बनीं अध्यक्ष

वॉर्ड सदस्य राजीव रंजन पासवान की अध्यक्षता में श्री बंशीधरनगर प्रखंड अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय, पाल्हे में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के पुनर्गठन को लेकर आमसभा का आयोजन किया गया। बैठक शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न हुई। चुनाव प्रक्रिया अभिभावकों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में बीआरपी श्रीकांत पांडे एवं सीआरपी धीरेन्द्र प्रजापति की देखरेख तथा पर्यवेक्षण में संपन्न हुई।

चुनाव के दौरान सर्वसम्मति से श्रीमती श्वेता देवी को विद्यालय प्रबंधन समिति का अध्यक्ष, श्रीमती रानी देवी को उपाध्यक्ष तथा श्रीमती पिंकी देवी को संयोजिका चुना गया।

विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य के रूप में प्रधानाध्यापिका सुजाता कुमारी, मनोरमा कुमारी, राजू कुमार देव, प्रभावती देवी, पूनम देवी, रूबी देवी, सोना देवी एवं विंध्याचल राम का चयन किया गया।

बैठक में नवगठित समिति के सदस्यों ने विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, स्वच्छ एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण, आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। साथ ही अभिभावकों और विद्यालय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर बच्चों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देने पर सहमति बनी।

इस अवसर पर बीआरपी श्रीकांत पांडे एवं सीआरपी धीरेन्द्र प्रजापति ने विद्यालय प्रबंधन समिति की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एसएमसी विद्यालय की गुणवत्ता सुधार, संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा बच्चों के हित में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाती है। उन्होंने नवनिर्वाचित समिति से पारदर्शिता एवं सक्रियता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

अंत में सभाध्यक्ष राजीव रंजन पासवान ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, संयोजिका एवं सभी सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। धन्यवाद ज्ञापन के साथ आमसभा की कार्यवाही विधिवत संपन्न हुई।