पालगंज के श्री बंशीधर मंदिर में धूमधाम से मना जन्माष्टमी महोत्सव, उमड़े श्रद्धालु
पालगंज के श्री बंशीधर मंदिर में धूमधाम से मना जन्माष्टमी महोत्सव, उमड़े श्रद्धालु
गिरिडीह। पीरटांड़ प्रखंड के पालगंज स्थित ऐतिहासिक श्री बंशीधर मंदिर में चार दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के तीसरे दिन शुक्रवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। गिरिडीह के अलावा धनबाद, देवघर, जमशेदपुर, कोडरमा, हजारीबाग, चतरा, रांची, रामगढ़ सहित बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, वाराणसी और मध्य प्रदेश से भी सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। भक्तों ने दिनभर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
शाम को मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण कर आरती की गई, जिसके बाद आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के पट खोले गए। रात 9:30 बजे पंडित शरत भक्त ने श्रीमद्भागवत पाठ के बीच भगवान श्रीकृष्ण का जन्म कराया। वहीं रात 11 बजे महंत शिशिर भक्त ने गर्भगृह में जन्मोत्सव की विधि पूरी कराई। भगवान के जन्म के साथ ही ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। इसके बाद सुबह चार बजे तक बधाई कार्यक्रम चला। रात 11 बजे से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने भजन और विभिन्न प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। कार्यक्रम रात दो बजे तक चला। जन्मोत्सव के अवसर पर भक्त परिवार की ओर से श्रद्धालुओं के बीच चॉकलेट, गुब्बारे, खिलौने और वस्त्र वितरित किए गए। इसके बाद महाआरती और प्रसाद वितरण हुआ। आयोजन को सफल बनाने में निकुंज केतन भक्ति, चरित्र निकेतन भक्त, भुवन भक्त, वशिष्ठ उपाध्याय, विपुल वत्सल, अरविंद भक्त, भगवत भक्त, पवन मंदिरवार, अनूप भक्त, धीरज राम, गुडुम रजक सहित कई लोगों का योगदान रहा।

