पॉलिटेक्निक कॉलेज में भव्य टीबी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

पॉलिटेक्निक कॉलेज में भव्य टीबी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
गुमला, दिनांक 18 मई 2026:
100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आज गुमला जिला स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में एक व्यापक एवं प्रभावशाली टीबी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों के बीच क्षय रोग (टीबी) के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज को इस गंभीर बीमारी से मुक्त करने की दिशा में सहभागिता सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिला पीपीएम कोऑर्डिनेटर श्री हरिशंकर मिश्रा ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए टीबी के लक्षण, संक्रमण के कारण, जांच की प्रक्रिया एवं उपचार की पूर्ण जानकारी सरल एवं प्रभावी तरीके से दी। उन्होंने कहा कि टीबी एक पूर्णतः उपचार योग्य बीमारी है, बशर्ते समय पर इसकी पहचान कर नियमित एवं पूर्ण इलाज कराया जाए। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार द्वारा टीबी रोगियों के लिए निःशुल्क जांच एवं दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिसका लाभ प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को उठाना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं तथा टीबी से संबंधित सही जानकारी को जन-जन तक पहुंचाएं। साथ ही, टीबी रोगियों के प्रति सहानुभूति एवं भावनात्मक सहयोग (इमोशनल सपोर्ट) प्रदान करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सामाजिक समर्थन से रोगी का मनोबल बढ़ता है और वह शीघ्र स्वस्थ होता है।
कार्यक्रम के दौरान “माय भारत वॉलंटियर” लिंक के माध्यम से पॉलिटेक्निक कॉलेज के अनेक छात्रों को माय भारत वॉलंटियर के रूप में पंजीकृत किया गया। इस पहल के माध्यम से युवाओं को देशव्यापी जन-जागरूकता अभियानों से जोड़ते हुए उन्हें सामाजिक दायित्वों के प्रति प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों को टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने, संभावित लक्षण दिखने पर शीघ्र जांच कराने तथा उपचार को बीच में न छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम में पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य श्री शिवनारायण साह ने अपने संबोधन में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि युवा शक्ति समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे टीबी मुक्त भारत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए समाज को स्वस्थ बनाने में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर पुनरीक्षित राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) गुमला की टीम से टीबीएचभी अंशु निधि, टीबी चैंपियन खुशी कुमारी, एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कॉलेज के प्रोफेसरगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर इसे सफल बनाया।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा टीबी उन्मूलन के प्रति जागरूकता फैलाने एवं समाज को इस बीमारी से मुक्त बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।