ओरसा घाटी में हुए बस दुर्घटना को लेकर, हुई सड़क की जांच
महुआडांड़ (लातेहार) महुआडांड़ थाना अंतर्गत ओरसा घाटी में रविवार को सड़क दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त के निर्देशानुसार संबंधित विभागों की संयुक्त जांच टीम ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस क्रम में एमवीआई सुनील कुमार एवं डीटीओ कार्यालय के कर्मी ऋषि कुमार ने आरसीडी विभाग के कनीय अभियंता रोशन कुमार के साथ मिलकर घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने सड़क की स्थिति, ढलान, मोड़, सुरक्षा संकेतक सहित अन्य तकनीकी पहलुओं की विस्तार से जांच की। वहीं छत्तीसगढ़ के बलरामपुर संभाग से आरटीओ अधिकारी यशवंत कुमार यादव एवं ट्रैफिक इंस्पेक्टर विमलेस देवांगन भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जानकारी ली। जांच टीम ने प्रारंभिक जांच में बताया कि प्रथम दृष्टया दुर्घटना का मुख्य कारण ओवरस्पीड एवं ओवरलोडिंग प्रतीत होता है। क्षमता से अधिक सवारियां और तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह हादसा हुआ। अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत एवं तकनीकी जांच मंगलवार को पुनः की जाएगी, जिसके बाद अंतिम रिपोर्ट तैयार की जाएगी। जांच एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार, छत्तीसगढ़ के सामरी थाना इंचार्ज सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। प्रशासन ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की है।

