ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में दवा विक्रेताओं का आंदोलन, 20 मई को बंद रहेंगी दुकानें

गिरिडीह में ऑनलाइन दवाओं की बिक्री और नकली दवाओं के बढ़ते कारोबार के विरोध में दवा विक्रेताओं ने आंदोलन शुरू कर दिया है। एआइओसीडी मुंबई और जेसीडीए रांची के आह्वान पर गिरिडीह जिला दवा विक्रेता संघ ने पांच दिवसीय विरोध कार्यक्रम का ऐलान किया है। शनिवार से जिले के सभी प्रखंडों के दवा दुकानदार काला बिल्ला लगाकर अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं। संघ के सचिव सुजीत कपिश्वे ने बताया कि 19 मई तक यह विरोध जारी रहेगा, जबकि 20 मई को देशव्यापी हड़ताल के समर्थन में जिले की सभी दवा दुकानें बंद रहेंगी। संघ का कहना है कि ऑनलाइन दवा कारोबार और कॉर्पोरेट कंपनियों की अनुचित प्रतिस्पर्धा से छोटे व्यापारियों के सामने अस्तित्व का संकट पैदा हो गया है। नकली दवाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग भी उठायी गयी।