नवोदय विद्यालय के सामने 200 फीट दीवार खड़ी कर नदी पाटने का आरोप, भू-माफियाओं पर फूटा जनाक्रोश
नवोदय विद्यालय के सामने 200 फीट दीवार खड़ी कर नदी पाटने का आरोप, भू-माफियाओं पर फूटा जनाक्रोश
मेदिनीनगर ,पलामू: पलामू की जीवनरेखा मानी जाने वाली कोयल नदी पर भू-माफियाओं की कथित गिद्ध-दृष्टि पड़ गई है। शहर से सटे नावाटोली स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के सामने नदी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण का मामला उजागर हुआ है, जहां भू-माफियाओं द्वारा करीब 200 फीट चौड़ी और 15 फीट ऊंची पक्की दीवार खड़ी कर जेसीबी से नदी को मिट्टी भरकर पाटने का आरोप लगा है। इस मामले ने इलाके में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के जिला सचिव रुचिर कुमार तिवारी ने उपायुक्त पलामू को ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की जांच कर अविलंब कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि भू-माफियाओं द्वारा प्रशासनिक नियमों और न्यायालय के आदेशों की खुली अवहेलना करते हुए नदी की जमीन पर कब्ज़ा किया जा रहा है।बताया गया कि जिस स्थान पर नदी पाटी जा रही है, वहां वर्षों से छठ घाट बना हुआ है, जहां हजारों श्रद्धालु सूर्योपासना करते हैं। ऐसे में अतिक्रमण न केवल पर्यावरण और नदी के अस्तित्व पर हमला है, बल्कि लोक आस्था और धार्मिक परंपरा पर भी सीधा प्रहार माना जा रहा है।
भाकपा के सचिव ने आरोप लगाया कि उच्च न्यायालय के स्पष्ट निर्देश के बावजूद जलस्रोतों का अतिक्रमण धड़ल्ले से जारी है। गर्मी में नदी का जलस्तर कम होने का फायदा उठाकर सुनियोजित तरीके से कब्ज़े की तैयारी की जा रही है। इस प्रकार हाईकोर्ट के आदेश की खुलेआम धज्जियां उड़ायी जा रही हैं।पार्टी ने चेताया है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो कोयल नदी का स्वरूप बिगड़ जाएगा और भविष्य में इसका अस्तित्व संकट में पड़ सकता है। भाकपा ने अवैध दीवार हटाने, अतिक्रमण रोकने और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है,अन्यथा आंदोलन करने को पार्टी बाध्य होगी।


