नशा मुक्त गिरिडीह के लिए प्रशासन का बड़ा अभियान, कार्यशाला में बनी रणनीति
गिरिडीह। नगर भवन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यशाला में मादक पदार्थों के दुरुपयोग व अवैध तस्करी के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान की रुपरेखा पर विचार किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त रामनिवास यादव एवं उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
उपायुक्त यादव ने कहा कि नशा केवल स्वास्थ्य नहीं बल्कि पूरे परिवार व समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने ड्रग्स, डेंड्राइट, गांजा, गुटखा, तंबाकू समेत अन्य मादक पदार्थों के सेवन से दूरी बनाए रखने का आह्वान किया और मीडिया की भूमिका को निर्णायक बताया। यादव ने जिलास्तरीय (NCORD) बैठकों के माध्यम से अभियान की समीक्षा व प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने युवाओं को खेल, शिक्षा और कौशल विकास से जोड़े जाने तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अनिता कुजूर ने कहा कि नशा युवाओं के शारीरिक व मानसिक विकास के लिए बड़ा खतरा है और समाज कल्याण विभाग नियमित कार्यक्रम चला रहा है।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार व टाउन थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। सरस्वती आजीविका महिला समूह व खुशबू आजीविका महिला समूह को भी सम्मानित किया गया। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी, गिरिडीह अनुमंडल पदाधिकारी, खोरीमहुआ, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा, DPM JSLPS, पुलिस उपाधीक्षक हेडक्वार्टर 1, जिला आरसीएच पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

