NH-143 पर पलटा पशु चिकित्सक का चलंत वाहन, चालक मौके से फरार

NH-143 पर पलटा पशु चिकित्सक चलंत वाहन, चालक फरार

पालकोट। पालकोट प्रखंड के बाघिमा पंचायत अंतर्गत बाघिन गांव में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के समीप NH-143 गुमला-सिमडेगा मुख्य मार्ग पर पशु चिकित्सक चलंत वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, पशु चिकित्सक चलंत वाहन बागीम गांव के समीप से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन सड़क पर ही पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दुर्घटना के समय चालक के नशे में होने की बात सामने आ रही है। चालक की पहचान पालकोट प्रखंड के कोलेंग पंचायत अंतर्गत सेमरा गांव निवासी आलोक मिंज के रूप में बताई जा रही है। हालांकि चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पालकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई सचिन टोप्पो पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही फरार चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। मामले की जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई और कोई बड़ी क्षति नहीं हुई। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।