नेतरहाट में अवैध होटल निर्माण पर प्रशासन सख्त, आदिवासी भूमि पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं: एसडीओ

नेतरहाट में अवैध होटल निर्माण पर प्रशासन सख्त, आदिवासी भूमि पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं: एसडीओ
महुआडांड़।
नेतरहाट स्थित अरुणोदय गेस्ट हाउस में सोमवार को एसडीओ बिपिन कुमार दुबे की अध्यक्षता में होटल एवं भवन निर्माण से संबंधित मामलों की गहन जांच के लिए विशेष जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र में चल रहे अवैध निर्माण कार्यों को लेकर प्रशासन का कड़ा और स्पष्ट रुख सामने आया।
एसडीओ श्री दुबे ने बताया कि इस मामले में कुल 42 लोगों को नोटिस जारी किया गया था, जिनमें से केवल 20 लोग ही जांच शिविर में उपस्थित हुए। जो लोग अनुपस्थित रहे, उन्हें पुनः नोटिस जारी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने निजी आवास निर्माण के लिए अपने दस्तावेज प्रस्तुत किए हैं, उन्हें 10 जनवरी तक का समय दिया गया है। इस अवधि में संबंधित कर्मचारियों द्वारा दस्तावेजों की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में यह प्रमाणित होता है कि संबंधित व्यक्ति वास्तव में निजी आवास का ही निर्माण कर रहे हैं, तो 10 जनवरी के बाद उन्हें निर्माण कार्य प्रारंभ करने की अनुमति दी जाएगी। फिलहाल केवल दीवारों में पानी पटाने की अनुमति दी गई है, जबकि सभी प्रकार के निर्माण कार्य पर रोक लगाई गई है।
वहीं होटल अथवा व्यावसायिक निर्माण कर रहे व्यक्तियों को भूमि के मूल दस्तावेज, रसीद, जीएसटी पंजीकरण, उद्यम प्रमाण पत्र, फूड लाइसेंस सहित सभी वैधानिक कागजात 17 जनवरी तक जमा करने का निर्देश दिया गया है।
मौके पर एसडीओ श्री दुबे ने दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि आदिवासी भूमि पर अवैध खरीद-बिक्री कर होटल या किसी भी प्रकार का व्यावसायिक प्रतिष्ठान खड़ा करने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीएनटी अधिनियम के तहत नेतरहाट थाना क्षेत्र में बाहरी व्यक्ति आदिवासियों की भूमि नहीं खरीद सकते। आदिवासी भूमि पर गैर-आदिवासियों का किसी भी प्रकार का अधिकार कानूनन शून्य है।
उन्होंने यह भी कहा कि जांच के दौरान यदि दस्तावेजों में गड़बड़ी, फर्जीवाड़ा या नियमों की अनदेखी पाई जाती है, तो संबंधित निर्माण को तत्काल सील किया जाएगा, साथ ही दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी।
अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट आदेश जारी करते हुए कहा कि जांच प्रक्रिया पूर्ण होने तक नेतरहाट क्षेत्र में सभी प्रकार के भवन एवं होटल निर्माण कार्य पूर्णतः स्थगित रहेंगे। किसी भी परिस्थिति में नया निर्माण या विस्तार कार्य नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि नेतरहाट में अब अवैध भूमि कारोबार और नियमों की अनदेखी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।