नौडीहा बाजार में डायन-बिसाही के आरोप में बुजुर्ग की हत्या, दो सगे भाइयों पर आरोप
मंगराडीह डायन-बिसाही के आरोप में बुजुर्ग की हत्या, दो भाई पर आरोप।
नौडीहा बाजार/पप्पू यादव
,पलामू : जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के मंगराडीह गांव में बुधवार सुबह डायन-बिसाही के आरोप में धारदार हथियार से हमला कर 60 वर्षीय सीताराम की हत्या कर दी गई। मृतक विश्रामपुर थाना क्षेत्र के कौड़िया गांव के निवासी थे और करीब 40 वर्षों से अपने ससुराल मंगराडीह में रह रहे थे।
बताया जाता है कि गांव के महंग राम के परिवार से उनका विवाद चल रहा था। महंग राम के बेटे विवेक कुमार (22) की रांची के निजी अस्पताल में मंगलवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद महंग राम के दो अन्य बेटों प्रमोद और सोनू पर सीताराम की हत्या करने का आरोप है। वारदात के बाद दोनों फरार हो गए।
सूचना पर थाना प्रभारी नीरज कुमार और सरईडीह पिकेट प्रभारी अजय कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। थाना प्रभारी ने जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।


