मुंबई में तीन फर्जी पुलिसकर्मी गिरफ्तार, वर्दी पहनकर लोगों से करते थे ठगी

मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने तीन फर्जी पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी फर्जी पुलिस का अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह में शामिल थे। आरोपियों ने मुंबई पुलिस की यूनिट का ऐसा आई कार्ड बनाया था, जो होता ही नहीं है। आरोपी खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लोगों से ठगी करते थे। डीसीपी डिटेक्शन राज तिलक रौशन ने बताया कि ये लोग बकायदा पुलिस स्टीकर की वैन, पुलिस की वर्दी और पुलिस का डंडा, नकली रिवॉल्वर लेकर घूमते थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी फर्जी सरकारी पहचान पत्र और पुलिस अधिकारी का रौब दिखाकर बैंक से लोन मंजूर कराने का झांसा देकर लोगों से पैसे ऐंठते थे। आरोपियों के पास से नकली पुलिस अधिकारी के नाम पर बने फर्जी पहचान पत्र और अन्य नकली दस्तावेज बरामद किए गए हैं। इस मामले में मुंबई के सहार पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।