पोटका में ब्रेन मलेरिया का कहर, चार दिन में दो बहनों की मौत

पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड में ब्रेन मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को फिर एक बच्ची की मौत हो गई।
मृतका की एक बहन की ब्रेन मलेरिया से ही चार दिन पहले मौत हो गई थी। वहीं, उनकी तीसरी बहन भी ब्रेन मलेरिया से संक्रमित है और उसका इलाज जारी है।
मृतका की पहचान पोटका प्रखंड के हरिणा पंचायत अंतर्गत कंदर गांव निवासी महावीर सरदार की बेटी खुशबू सरदार के रूप में की गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को पोटका के सात स्थानों पर विशेष जांच शिविर आयोजित किए। इस दौरान 465 लोगों की जांच की गई, जिसमें 29 नए ब्रेन मलेरिया के मरीज मिले। सभी संक्रमितों को दवा उपलब्ध कराकर उपचार शुरू कर दिया गया है। साथ ही ग्रामीणों को मच्छरों से बचाव और साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दी गई है।