मुंबई में होने वाली अंतर्राष्ट्रीय जीत-कुन्डो डू चैम्पियनशिप में संत मरियम के छह खिलाड़ी करेंगे पलामू का प्रतिनिधित्व

मुंबई में होने वाली अंतर्राष्ट्रीय जीत-कुन्डो डू चैम्पियनशिप में संत मरियम के छह खिलाड़ी करेंगे पलामू का प्रतिनिधित्व

मेदिनीनगर। मुंबई के अंधेरी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, आजाद नगर में 27 एवं 28 जून को आयोजित होने वाली 24वीं अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स जीत-कुन्डो डू चैम्पियनशिप में संत मरियम विद्यालय के छह चयनित बाल कराटेकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। यह प्रतियोगिता ग्लोबल वर्ल्ड स्पोर्ट्स जीत-कुन्डो डू फेडरेशन के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है, जिसमें भारत सहित 15 देशों के मार्शल आर्ट्स खिलाड़ी भाग लेंगे।

संत मरियम विद्यालय से सचिन कुमार गुप्ता, दुर्गेश चौधरी, अक्ष राज, विवेक सिंह एवं राजा कुमार तथा संत मरियम किड्स विद्यालय से आदित्य सोम्या गुप्ता का चयन इस प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। सभी खिलाड़ी पिछले कई दिनों से विशेष प्रशिक्षण एवं नियमित अभ्यास में जुटे हुए हैं।

मुख्य मार्शल आर्ट्स प्रशिक्षक क्योशी डॉ. संतोष कुमार के नेतृत्व में खिलाड़ियों का दल आज मुंबई के लिए रवाना हुआ। वहीं, हरियाणा के प्रशिक्षक शिहान अनिस्टर यादव टीम मैनेजर के रूप में खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे।

विद्यालय के चेयरमैन अविनाश देव ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संत मरियम विद्यालय के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का चयन विद्यालय, पलामू और झारखंड के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और अनुशासन के बल पर प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन करेंगे।