मुंबई लोकल में चाकूबाजी! दरवाजा बंद करने के विवाद में युवक पर हमला
मुंबई की चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल में हुए चाकूबाजी कांड के बाद पश्चिम रेलवे ने पूरी कार्रवाई की टाइमलाइन जारी की है। 23 जून की रात भारी बारिश के बीच कोच का दरवाजा बंद करने को लेकर दो यात्रियों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोपी ने 22 वर्षीय मयंक लोहार के पेट में चाकू मार दिया और ट्रेन के पूरी तरह रुकने से पहले ही फरार हो गया।
बोरीवली स्टेशन पहुंचते ही जीआरपी, आरपीएफ और मेडिकल टीम ने महज कुछ मिनटों में घायल यात्री को प्राथमिक उपचार दिलाया और एम्बुलेंस से शताब्दी अस्पताल पहुंचाया। देर रात वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। पश्चिम रेलवे का दावा है कि राहत और बचाव में कोई देरी नहीं हुई। फिलहाल जीआरपी सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

