मनिका विधानसभा क्षेत्र में विकास को मिली नई गति: विधायक रामचंद्र सिंह ने चार सड़कों का किया शिलान्यास
मनिका विधानसभा क्षेत्र में विकास को मिली नई गति: विधायक रामचंद्र सिंह ने चार सड़कों का किया शिलान्यास
लातेहार, 13 नवंबर। मनिका विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को तेज करने के लिए विधायक रामचंद्र सिंह ने बुधवार को बकोरिया पंचायत में तीन सड़कों तथा रबदा पंचायत में एक सड़क का शिलान्यास किया। इन सड़कों के बनने से क्षेत्र के दर्जनों गांव-टोलों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण उत्साह के साथ पहुंचे और विधायक का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा, “सड़कें किसी भी क्षेत्र की जीवनरेखा होती हैं। इनसे न केवल आवागमन आसान होता है, बल्कि आर्थिक, शैक्षणिक और सामाजिक विकास को भी बल मिलता है। यह तो सिर्फ शुरुआत है। आने वाले दिनों में हर गांव और हर टोले को पक्की सड़क से जोड़ा जाएगा।”
विधायक ने आगे कहा कि झारखंड सरकार विकास की रफ्तार को और तेज करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। जनता से अपील की कि सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि बहुत जल्द गांव-गांव में विशेष शिविर लगाकर लोगों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि प्रमोद यादव, उप प्रमुख कामाख्या नारायण यादव, मीडिया प्रभारी अमित कुमार, अरुण कुमार, पिंटू कुमार, इंद्रदेव उरांव, मुखिया संतोष उरांव, संजय यादव, पिंटू अयोध्या यादव, मुकेश कुमार मेहता, अनुज कुमार मेहता, गुरनाम ठाकुर, हकीम अंसारी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने विधायक के इस कदम की भूरि-भूरि प्रशंसा की और उम्मीद जताई कि क्षेत्र का चौतरफा विकास अब तेजी से होगा।

