MMDR संशोधन विधेयक के खिलाफ झामुमो का जनजागरण अभियान, 7 सितंबर को प्रखंड मुख्यालय घेरने का आह्वान
MMDR संशोधन विधेयक के खिलाफ झामुमो का जनजागरण अभियान, 7 सितंबर को प्रखंड मुख्यालय घेरने का आह्वान
गिरिडीह। झारखंड मुक्ति मोर्चा की केंद्रीय एवं जिला समिति के निर्देश पर शुक्रवार को गिरिडीह प्रखंड के उदनाबाद पंचायत में खान और खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक 2026 यानी MMDR के खिलाफ जनजागरण अभियान के तहत बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य एवं पर्यवेक्षक कालेश्वर सोरेन ने कहा कि विधेयक के प्रावधानों को लेकर पूरे झारखंड में आम लोगों और कार्यकर्ताओं को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि विधेयक लागू होने से झारखंड को भारी आर्थिक नुकसान हो सकता है और विकास योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं।
झामुमो जिला सह सचिव दिलीप कुमार रजक ने इसे जनता के अधिकारों और हितों की रक्षा की लड़ाई बताया और कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को विधेयक की जानकारी देने की अपील की। प्रखंड अध्यक्ष प्रधान मुर्मू ने कहा कि संगठन के निर्देश पर पंचायत स्तर तक जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। वहीं युवा मोर्चा संगठन सचिव मेहताब मिर्जा ने कहा कि विधेयक को लेकर ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। मुखिया प्रतिनिधि नरेश यादव ने दावा किया कि विधेयक लागू होने पर मईयां सम्मान योजना प्रभावित हो सकती है।
बैठक के अंत में 7 सितंबर 2026 को गिरिडीह प्रखंड मुख्यालय घेराव का आह्वान किया गया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं, समर्थकों और ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। मौके पर राजेश मारिक, टिंकू साव, उदय मरांडी, हेमंत मुर्मू, प्रधान टुडू, मिंटू सोरेन और किशुन दास समेत बड़ी संख्या में महिला-पुरुष कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

