महुआडांड़ दुर्गा बाड़ी में गुरु पूर्णिमा और गुरुदेव जगदीश नन्द महाराज का जन्मोत्सव श्रद्धा के साथ मनाया गया
महुआडांड़ दुर्गा बाड़ी में गुरु पूर्णिमा और गुरुदेव जगदीश नन्द महाराज का जन्मोत्सव श्रद्धा के साथ मनाया गया
महुआडांड़ (लातेहार)। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर महुआडांड़ स्थित दुर्गा बाड़ी परिसर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर रहा। इस वर्ष गुरु पूर्णिमा के साथ राष्ट्रीय संत गुरुदेव जगदीश नन्द महाराज (भक्ति कुंज आश्रम, प्रयागराज) का जन्मोत्सव भी धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दुर्गा बाड़ी पहुंचे और वैदिक मंत्रोच्चार, मंगल दीप प्रज्ज्वलन तथा विधिवत गुरु पूजन में भाग लेकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर गुरुदेव ने गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु ही अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं और गुरु पूर्णिमा शिष्यों के लिए अपने गुरु के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता प्रकट करने का पावन पर्व है।
जन्मोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं ने गुरुदेव का पंचोपचार पूजन किया तथा केक काटकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। भक्तों ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र, शॉल एवं विभिन्न उपहार भेंट कर उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। पूरे कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन, गुरु वंदना और “गुरु महाराज की जय” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। आयोजन में बृजमोहन जायसवाल, दीपनारायण जायसवाल, अनिल गुप्ता, सुशांत कुमार, राजेश प्रसाद दास, आनंद किशोर नाथ शाह, बाबूलाल ठाकुर, सर्वेश पाठक सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।

