गुरु पूर्णिमा पर सरनाधाम में गूंजी गुरु महिमा, सावन अमावस्या कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर बनी समिति
गुरु पूर्णिमा पर सरनाधाम में गूंजी गुरु महिमा, सावन अमावस्या कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर बनी समिति
गारू (लातेहार)। गारू प्रखंड की मायापुर पंचायत स्थित सरनाधाम में बुधवार को मानस मणि दीप सेवा संस्थान के तत्वावधान में गुरु पूर्णिमा एवं महर्षि वेदव्यास पूजन श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह ने की, जबकि सरनाधाम निवासिनी माताजी के सानिध्य में विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरु पूजन में भाग लिया। संस्थान के आचार्य रमेश कुमार सिंह महाराज ने अपने प्रवचन में गुरु की महिमा और आध्यात्मिक जीवन में उनके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए माताजी एवं श्रद्धालुओं ने सरनाधाम परिसर में कल्पवृक्ष, शिवलिंग वृक्ष तथा विभिन्न फलदार पौधों का पौधरोपण भी किया।
पूजा-अर्चना के बाद आयोजित बैठक में आगामी सावन अमावस्या के अवसर पर लोध फॉल (महुआडांड़) से नर्मदेश्वर शिव मंदिर, सरनाधाम तक प्रस्तावित कांवड़ यात्रा एवं जलाभिषेक कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष भी कांवड़ यात्रा भव्य और श्रद्धापूर्ण तरीके से निकाली जाएगी। आयोजन की सफलता के लिए गठित कार्यकारी समिति में जानकी सिंह को अध्यक्ष, कमलेश यादव को सचिव तथा श्रीमणि यादव को कोषाध्यक्ष चुना गया। बैठक में मिथिलेश सिंह, नवल जी, कलेश्वर सिंह, चंद्र किशोर सिंह, नंदलाल मिस्त्री, सीताराम सिंह, श्रवण यादव, रीना देवी, पूनम देवी, फजीलत सिंह सहित अनेक श्रद्धालु एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।

