मेराल प्रखंड प्रमुख से मारपीट व प्रताड़ना का आरोप, पति गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
मेराल। प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी की शिकायत पर पुलिस ने उनके पति ललन राम को बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। दीपमाला कुमारी ने मेराल थाने में दिए लिखित आवेदन में पति पर मारपीट तथा लंबे समय से मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार शादी के शुरुआती समय के बाद से दोनों के बीच विवाद चल रहा था और कई बार सामाजिक स्तर पर समझौते का प्रयास भी किया गया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
मेराल पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना कांड संख्या 186/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की है। थाना प्रभारी विष्णु कांत ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि घरेलू हिंसा और महिलाओं के उत्पीड़न से जुड़े मामलों में पुलिस संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करती है। मामले में लगाए गए आरोपों की आगे की जांच जारी है।

