मेराल में आंगनबाड़ी सेविकाओं को दिया गया प्रशिक्षण, योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा
मेराल में आंगनबाड़ी सेविकाओं को दिया गया प्रशिक्षण, योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा
मेराल से विवेकानंद चौबे की रिपोर्ट।
गढ़वा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी द्वारा बाल विकास परियोजना मेराल के सेक्टर एक, दो एवं तीन में आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी यशवंत नायक, महिला पर्यवेक्षिकाएं, प्रशिक्षक रूपेश कुमार मिश्रा, झारखंड राज्य पोषण मिशन के क्षेत्रीय प्रबंधक तथा दीपक कुमार पाठक सहित संबंधित सेक्टर की आंगनबाड़ी सेविकाएं शामिल हुईं। इस दौरान कुपोषित बच्चों की पहचान, नियमित फॉलोअप, पोषण प्रबंधन और गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों को समय पर पोषण पुनर्वास केंद्र भेजने की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पात्र गर्भवती एवं धात्री महिलाओं का पंजीकरण, लंबित आवेदनों का निष्पादन तथा नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा लाभार्थियों का अद्यतन विवरण, बच्चों की उपस्थिति और पोषण सेवाओं से संबंधित आंकड़ों को सही तरीके से दर्ज करने की जानकारी दी गई। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत समुदाय में जागरूकता फैलाने तथा किशोरियों और अभिभावकों की भागीदारी बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। साथ ही सर्वेक्षण कार्य को निर्धारित प्रारूप में सही एवं प्रमाणिक आंकड़ों के साथ समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने सेविकाओं एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं को अपने-अपने क्षेत्रों में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और नियमित निगरानी के माध्यम से पोषण एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने का निर्देश दिया।

