धनवार यूको बैंक लूटकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, जमुआ के जंगल से संदिग्ध गिरफ्तार

गिरिडीह। राजधनवार के धनवार स्थित यूको बैंक में गुरुवार दोपहर हुई करोड़ों रुपये की दिनदहाड़े लूट के मामले में गिरिडीह पुलिस को बड़ी सफलता मिलने की खबर है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने जमुआ के जंगली इलाके में छापेमारी के दौरान एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है और उसके पास से हथियार भी बरामद किया गया है।
पुलिस एवं बैंक प्रबंधन की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 1:40 बजे पांच ह,थियारबंद अपराधी बैंक में घुसे। उन्होंने बैंककर्मियों और वहां मौजूद ग्राहकों को बंधक बनाकर करीब 18 से 20 मिनट में वॉल्ट खुलवाया और लगभग चार करोड़ रुपये मूल्य के सोने के जेवरात के साथ लगभग 10 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर बॉक्स भी तोड़कर ले जाने की कोशिश की, ताकि घटना से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिटाए जा सकें।
घटना की सूचना मिलते ही गिरिडीह पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने जिले की सीमाओं पर निगरानी बढ़ाते हुए प्रमुख मार्गों पर वाहन जांच और संदिग्धों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी थी।
इसी क्रम में जमुआ के जंगलों में कार्रवाई के दौरान एक अपराधी को गिरफ्तार करने और उसके पास से ह,थियार बरामद करने की सूचना सामने आई है। हालांकि, गिरफ्तार आरोपी की पहचान, ह,थियार की प्रकृति और लूटे गए माल की बरामदगी को लेकर पुलिस की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
पुलिस मान रही है कि गिरफ्तारी के बाद लूट की योजना, अपराधियों की पहचान और बाकी आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है। बैंक कर्मचारियों, प्रत्यक्षदर्शियों और तकनीकी साक्ष्यों की जांच भी जारी है।