मेदिनीनगर में पहली बार होगी झारखंड राज्य स्तरीय शोतोकान स्पोर्ट्स कराटे चैंपियनशिप

मेदिनीनगर में पहली बार होगी राज्य स्तरीय शोतोकान स्पोर्ट्स कराटे प्रतियोगिता

मेदिनीनगर (पलामू): आगामी झारखंड राज्य स्तरीय शोतोकान स्पोर्ट्स कराटे चैंपियनशिप के सफल आयोजन को लेकर पलामू जिला कराटे संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक परिषद भवन, मेदिनीनगर में संघ के अध्यक्ष विजयकांत ओझा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रतियोगिता की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आयोजन को सफल, भव्य एवं निष्पक्ष बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला सचिव सुमित वर्मन ने कहा कि झारखंड शोतोकान स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन के तत्वावधान में पहली बार मेदिनीनगर को राज्य स्तरीय शोतोकान स्पोर्ट्स कराटे प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। यह पूरे पलामू जिले के लिए गर्व और खुशी का विषय है। अब तक इस प्रकार की प्रतियोगिताएं झारखंड के विभिन्न जिलों में आयोजित होती रही हैं, लेकिन पहली बार मेदिनीनगर में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित होगी। इससे जिले के खिलाड़ियों को अपने ही शहर में राज्य स्तरीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने और अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन 2 अगस्त को जिला स्कूल, मेदिनीनगर में किया जाएगा, जिसमें झारखंड के विभिन्न जिलों से सैकड़ों खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, रेफरियों एवं पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। प्रतियोगिता प्रातः 7:00 बजे से प्रारंभ होकर देर रात्रि तक चलेगी। बाहर से आने वाले खिलाड़ी 1 अगस्त को ही मेदिनीनगर पहुंच जाएंगे, जिनके ठहरने की व्यवस्था गणपति धर्मशाला में की जाएगी।

सुमित वर्मन ने कहा कि प्रतियोगिता को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप आयोजित किया जाएगा। इसके लिए झारखंड के विभिन्न जिलों से अनुभवी राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय रेफरी तथा तकनीकी अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। प्रतियोगिता के संचालन में आधुनिक तकनीकी व्यवस्था अपनाई जाएगी, ताकि सभी मुकाबले निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न हो सकें।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के आवास, भोजन, पेयजल, चिकित्सा सहायता, सुरक्षा, परिवहन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की जा रही है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रत्येक खिलाड़ी और पदाधिकारी को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना आयोजन समिति की प्राथमिकता होगी। साथ ही प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए स्वागत समिति, तकनीकी समिति, आवास एवं भोजन समिति, पंजीकरण समिति, अनुशासन समिति, चिकित्सा समिति तथा प्रचार-प्रसार समिति का गठन कर सभी पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

इस अवसर पर अध्यक्ष विजयकांत ओझा ने कहा कि पलामू जिला कराटे संघ का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए एक आदर्श आयोजन प्रस्तुत करना है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सुविधा, अनुशासन, सुरक्षा और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि अन्य जिलों से आने वाले खिलाड़ी एवं पदाधिकारी मेदिनीनगर के आयोजन से प्रेरणा ले सकें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रतियोगिता पलामू के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगी और भविष्य में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन का मार्ग भी प्रशस्त करेगी।

बैठक में सभी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर प्रतियोगिता को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने का संकल्प लिया।

बैठक में पलामू जिला कराटे संघ के कोषाध्यक्ष विकास कुमार, राहुल कुमार, आकर्ष प्रताप, मृत्युंजय कुमार, अमरेश कुमार मेहता, नवनीत कुमार सहित संघ के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।