खूंटी में गौ सम्मान आह्वान पदयात्रा, गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की उठी मांग

गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत सैकड़ों लोगों ने निकाली पदयात्रा, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम डीसी को सौंपा ज्ञापन

खूंटी। गौ संरक्षण एवं गौवंश के सम्मान को लेकर चलाए जा रहे ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत सोमवार को खूंटी में सैकड़ों की संख्या में हिंदू समाज के लोगों ने निचले चौक से उपायुक्त (डीसी) कार्यालय तक पदयात्रा निकाली। यात्रा में युवाओं, मातृशक्ति एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पदयात्रा के उपरांत उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

इस पदयात्रा एवं ज्ञापन कार्यक्रम का नेतृत्व बजरंग दल खूंटी जिला सह संयोजक कर्मवीर महतो एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) रांची विभाग गौरक्षा संयोजक सुनील साहू ने किया। दोनों ने कहा कि गौ सम्मान आह्वान अभियान किसी एक संगठन का अभियान नहीं, बल्कि पूरे हिंदू समाज द्वारा चलाया जा रहा जनआंदोलन है। इसका उद्देश्य गौमाता के सम्मान, संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समाज को जागरूक करना तथा सरकार का ध्यान इस महत्वपूर्ण विषय की ओर आकर्षित करना है।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने, पूरे देश में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा गौ तस्करी पर प्रभावी एवं कठोर रोक लगाने की मांग की गई। साथ ही गौ संरक्षण के लिए प्रभावी कानूनों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने एवं गौवंश की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने का आग्रह भी किया गया।

बजरंग दल खूंटी जिला सह संयोजक कर्मवीर महतो ने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को संगठित होकर गौ संरक्षण के इस जनआंदोलन को और मजबूत बनाना चाहिए।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) रांची विभाग गौरक्षा संयोजक सुनील साहू ने कहा कि गौवंश की रक्षा प्रत्येक सनातनी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि सरकार को गौ तस्करी एवं गौहत्या पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए तथा गौ संरक्षण को राष्ट्रीय प्राथमिकता के रूप में देखते हुए आवश्यक निर्णय लेने चाहिए। उन्होंने सभी नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर खूंटी प्रखंड जिला सह संयोजक अभिषेक कुमार, सह मंत्री संजय गुप्ता, विभाग सह संयोजक विशाल साहू, कर्रा प्रखंड गोरक्षा प्रमुख पवन सिंह, शिवम सिंह, मनोरंजन स्वांशी, निलॉय मिश्रा सहित अन्य कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।