मां की डांट से नाराज होकर घर से भागी नाबालिग सुरक्षित बरामद, पुलिस ने परिजनों को सौंपा
मां की डांट से नाराज होकर घर से भागी नाबालिग सुरक्षित बरामद, पुलिस ने परिजनों को सौंपा
पांकी:
मां की डांट से नाराज होकर घर से बिना बताए निकली 14वर्षीय किशोरी को पिपराटांड़ थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। बच्ची की सुरक्षित बरामदगी के बाद पुलिस ने उसे उसके परिजनों को सौंप दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिपराटांड़ थाना पुलिस को मंगलवार को किशोरी के परिजनों के द्वारा मौखिक सूचना दी गई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी 14 वर्षीय पुत्री सोमवार की शाम करीब 7 बजे अपनी मां की डांट से नाराज हो गई थी। इसके बाद वह बिना किसी को कुछ बताए घर से कहीं चली गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो चिंतित परिजनों ने पुलिस की शरण ली।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मिली सफलता
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पिपराटांड़ थाना पुलिस तुरंत रेस हुई। पुलिस ने परिजनों के सहयोग से बच्ची की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी और खोजबीन शुरू की।
इसी कड़ी में आज, बुधवार को पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। किशोरी को पांकी पेट्रोल पंप के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि बरामदगी के बाद बच्ची और उसके परिजनों से विस्तृत पूछताछ की गई। परिजनों एवं बच्ची की ओर से किसी भी प्रकार की कोई शिकायत या आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई है। इसके बाद आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर किशोरी को उसके माता-पिता के जिम्मे सौंप दिया गया। अपनी लाडली को सही-सलामत वापस पाकर परिजनों ने पुलिस प्रशासन और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया है।

