गुमला दौरे पर दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडलीय आयुक्त, विकासात्मक पहलों का किया अवलोकन

गुमला दौरे पर दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडलीय आयुक्त, विकासात्मक पहलों का किया अवलोकन

गुमला: दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त मनोज कुमार के गुमला आगमन के अवसर पर उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो, पुलिस अधीक्षक हारिस बिन ज़मा एवं अपर समाहर्ता शशिंद्र कुमार बड़ाइक सहित जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया गया। सर्किट हाउस परिसर में आयुक्त को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान कर सम्मानित किया गया।

दौरे के क्रम में आयुक्त ने न्यायालयीन कार्यों का निष्पादन करते हुए विभिन्न मामलों की सुनवाई की। इसके पश्चात उन्होंने जिले में संचालित प्रमुख विकासात्मक पहलों एवं संस्थानों का अवलोकन किया।

गुमला साइंस सेंटर के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने वहां उपलब्ध हाइटेक वैज्ञानिक सुविधाओं को देखा एवं इस व्यवस्था पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की आधुनिक वैज्ञानिक संरचना से विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि एवं जिज्ञासा का विकास होगा।

इसके उपरांत आयुक्त ने रागी प्रोसेसिंग यूनिट का भ्रमण किया, जहां उन्होंने स्वयं सहायता समूह की दीदियों से संवाद स्थापित किया तथा रागी से निर्मित उत्पादों का स्वाद लेकर उनकी गुणवत्ता की सराहना की।

चन्दाली स्थित समाहरणालय परिसर में संचालित गुमला हाट के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने महिला समूहों द्वारा तैयार उत्पादों का अवलोकन किया तथा जिला प्रशासन द्वारा महिला समूहों को प्रदान किए जा रहे सहयोग की प्रशंसा की।

दौरे के दौरान उपायुक्त गुमला दिलेश्वर महत्तो, अपर समाहर्ता गुमला शशिंद्र कुमार बड़ाइक सहित अन्य सम्बंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहें।।