लोन में छूट और वाहन दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप, 20 से अधिक ग्रामीणों ने दिया आवेदन
लोन में छूट और वाहन दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप, 20 से अधिक ग्रामीणों ने दिया आवेदन
गिरिडीह। जिले के नवडीहा ओपी क्षेत्र में लोन में छूट दिलाने और बाइक, ट्रैक्टर व कार दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित ग्रामीणों ने एसडीआर फाउंडेशन से जुड़े लोगों पर ठगी का आरोप लगाया है। संस्था का कार्यालय देवघर में होने की बात कही जा रही है। पीड़ितों ने इस मामले की तुलना राधास्वामी संगठन से जुड़े कथित ठगी के मामले से भी की है।
आरोप है कि तरौन निवासी शमीम अख्तर ने ग्रामीणों के नाम पर बाइक, ट्रैक्टर और कार समेत अन्य वाहनों का फाइनेंस कराया और उनकी लोन की किस्तें खुद चुकाने का भरोसा दिया। हालांकि बाद में कथित तौर पर किस्तों का भुगतान नहीं किया गया, जिसके बाद वाहन मालिकों को ईएमआई बकाया को लेकर नोटिस और फोन कॉल मिलने लगे। इससे पीड़ितों की परेशानी बढ़ गई है।
मामले को लेकर 20 से अधिक ग्रामीणों ने नवडीहा ओपी में सामूहिक आवेदन देकर पूरे मामले की जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और कथित तौर पर गबन की गई राशि वापस दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि भरोसा दिलाकर उनके नाम पर वित्तीय लेन-देन कराया गया, लेकिन अब उसकी जिम्मेदारी उन्हें उठानी पड़ रही है। पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की गई है।

