लेस्लीगंज जंगल में मिला पंकज का शव, हत्या की आशंका से सनसनी

लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के एकता जंगल मे मिला युवक का शव

पाटन थाना क्षेत्र के बंजारी गांव निवासी 26 वर्षीय पंकज उरांव का शव लेस्लीगंज थानाक्षेत्र के घुटुआ जंगल से बरामद किया गया है।पंकज 19 सितंबर की शाम करीब पांच बजे बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने वापस नही लौटने पर अगल बगल सहित सभी संभावित जगहों पर उसकी तलाश की। सुराग नहीं मिलने पर 22 सितंबर को पाटन थाना में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई गई।
23 सितंबर बुधवार को लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के एकता के घनघोर जंगल में एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। एएसआई हरेंद्र प्रसाद पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर घटनास्थल पहुंचे परिजनों ने पैर की चप्पल, हाथ के टैटू और एक हाथ में पहने चांदी के ब्रेसलेट के आधार पर शव की पहचान पंकज उरांव के रूप में की।

शव कई दिनों से जंगल में पड़ा होने के कारण उस पर कीड़े पड़ चुके थे। गला कटा और चेहरा पत्थर से कुचला हुआ था। परिजनों के अनुसार पंकज का पत्नी से पिछले दो-तीन महीने से विवाद चल रहा था। पत्नी चियांकी के महादेव माड़ा स्थित मायके में रह रही थी। परिजनों ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले पंकज पत्नी को लेने गया था, लेकिन वह ससुराल लौटने को तैयार नहीं हुई।

परिजनों ने घटना की जांच में ससुराल पक्ष से जुड़े पहलुओं को भी शामिल करने का आग्रह किया है। फिलहाल पुलिस ने किसी व्यक्ति की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस अनुसंधान के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। घटना से परिजनों में कोहराम और आसपास के क्षेत्र में सनसनी है।