कुष्ठ रोगियों की पहचान के लिए 9 दिसंबर से चलेगा विशेष अभियान, निजी चिकित्सकों को दिया गया प्रशिक्षण
कुष्ठ रोगियों की पहचान के लिए 9 दिसंबर से चलेगा विशेष अभियान, निजी चिकित्सकों को दिया गया प्रशिक्षण
23 दिसंबर तक घर-घर जाकर खोजे जाएंगे कुष्ठ रोग के संभावित मरीज, संदिग्धों को जिला कुष्ठ केंद्र रेफर करने की अपील
गुमला। जिले में कुष्ठ रोगियों की शीघ्र पहचान, समय पर उपचार और बीमारी के कारण होने वाली दिव्यांगता की रोकथाम के उद्देश्य से 9 से 23 दिसंबर 2026 तक कुष्ठ रोग खोज अभियान का प्रथम चरण संचालित किया जाएगा। अभियान के सफल संचालन को लेकर सिविल सर्जन डॉ. शंभूनाथ चौधरी की अध्यक्षता में जिले के निजी चिकित्सकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. के.के. मिश्रा एवं डॉ. रोशन ने निजी चिकित्सकों को कुष्ठ रोग के शुरुआती लक्षणों, पहचान, जांच प्रक्रिया, उपचार पद्धति और उपलब्ध दवाओं की विस्तृत जानकारी दी। चिकित्सकों को बताया गया कि शुरुआती अवस्था में बीमारी की पहचान और नियमित उपचार से मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकता है तथा दिव्यांगता की आशंका को कम किया जा सकता है।
इस अवसर पर डॉ. के.के. मिश्रा ने कहा कि कुष्ठ रोग कोई अभिशाप नहीं, बल्कि पूरी तरह उपचार योग्य बीमारी है। उन्होंने निजी चिकित्सकों से अपील की कि उनके क्लिनिक में आने वाले किसी भी संदिग्ध मरीज की अनदेखी न करें। ऐसे मरीजों को जांच और समुचित उपचार के लिए जिला कुष्ठ केंद्र, गुमला रेफर करें। उन्होंने कहा कि कुष्ठ रोग उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करने में सरकारी और निजी चिकित्सकों की सक्रिय सहभागिता महत्वपूर्ण है।
अभियान के प्रथम चरण के तहत 9 से 23 दिसंबर तक जिले में घर-घर जाकर संभावित कुष्ठ रोगियों की पहचान की जाएगी। इसका उद्देश्य ऐसे मरीजों को चिह्नित करना है, जो अब तक बीमारी की पहचान या उपचार से वंचित हैं, ताकि उन्हें समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
सिविल सर्जन डॉ. शंभूनाथ चौधरी ने सभी निजी चिकित्सकों से अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकारी और निजी चिकित्सा क्षेत्र के बीच बेहतर समन्वय से अभियान को प्रभावी बनाया जा सकता है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में निजी चिकित्सक डॉ. कृष्ण कुमार, डॉ. सुगेंद्र साय, डॉ. हेमंत कुमार एवं डॉ. अनुपम किशोर सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित थे। मौके पर सदर अस्पताल, गुमला के उपाधीक्षक तथा राज्य स्तर से आए प्रशिक्षकों ने भी सहभागिता की।

