करंज में आंबेडकर जयंती उत्साह के साथ संपन्न, टेंट गिरने की घटना में विधायक समेत सभी सुरक्षित
करंज में आंबेडकर जयंती उत्साह के साथ संपन्न, टेंट गिरने की घटना में विधायक समेत सभी सुरक्षित
भरनो (गुमला): भरनो प्रखंड के करंज गांव में मंगलवार को रविदास समाज द्वारा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिगा सुधारण होरो उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने उन्हें पारंपरिक पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर हुई। इसके बाद नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका विधिवत उद्घाटन विधायक ने फीता काटकर किया। स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि डॉ. आंबेडकर केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि महान समाज सुधारक और वंचितों की सशक्त आवाज थे। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे बड़ा माध्यम बताते हुए युवाओं से बाबा साहेब के विचारों को अपनाने का आह्वान किया। अन्य वक्ताओं ने भी उनके जीवन, संघर्ष और संविधान की महत्ता पर प्रकाश डाला।
इसी दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच मंच के ऊपर लगा टेंट अचानक गिर पड़ा, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि मंच पर मौजूद विधायक सहित सभी अतिथि और कलाकार सुरक्षित रहे। घटना के तुरंत बाद करण टुडू (थाना प्रभारी, करंज) ने स्थिति को संभालते हुए कार्यक्रम को पुनः व्यवस्थित कराया।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि प्रकाश उरांव, प्रखंड अध्यक्ष जॉनसन बाड़ा, बाबूलाल राम, अजय राम, सुरेंद्र राम, सुनील रवि सहित समाज के कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।



