कोलकाता में सड़क नामकरण पर सियासी संग्राम, इतिहास बनाम पहचान की बहस तेज
कोलकाता में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों के नामों को लेकर बड़ा राजनीतिक और ऐतिहासिक विवाद सामने आया है। पश्चिम बंगाल विधानसभा में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की कि राजधानी में अब मुगल, पठान या ब्रिटिश शासकों के नाम पर सड़कें और इलाके नहीं रखे जाएंगे। इसके लिए एक विशेष समिति गठित की जाएगी, जिसकी अध्यक्षता स्वामी प्रदीपानंद महाराज करेंगे। यह बयान उस समय आया जब पार्क सर्कस स्थित सुहरावर्दी एवेन्यू का नाम बदलकर गोपाल मुखर्जी रोड किए जाने पर विधानसभा में बहस छिड़ी। विपक्ष ने इसे इतिहास से छेड़छाड़ बताया, जबकि मुख्यमंत्री ने इसे ऐतिहासिक गलती सुधारने की दिशा में उठाया गया कदम करार दिया। उन्होंने कहा कि बंगाली संस्कृति और गौरव से समझौता नहीं किया जाएगा।

