कोडरमा में GRP ने 40 लाख रुपए जब्त किए: कोलकाता जा रहे बिहार के युवक को नगदी के साथ पकड़ा, पूछताछ जारी

कोडरमा में GRP ने 40 लाख रुपए जब्त किए: कोलकाता जा रहे बिहार के युवक को नगदी के साथ पकड़ा, पूछताछ जारी

जीआरपी द्वारा नोटों की गिनती करने पर बैग से कुल 40 लाख रुपए बरामद हुए।

गया-धनबाद रेलखंड पर स्थित कोडरमा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार दोपहर जीआरपी ने एक व्यक्ति को 40 लाख रुपए नकद के साथ पकड़ा। जीआरपी प्रभारी उपेंद्र कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति भारी रकम लेकर कोडरमा से ट्रेन द्वारा कोलकाता (पश्चिम बंगाल) जा रहा है।इस सूचना के सत्यापन के लिए जीआरपी प्रभारी के नेतृत्व में अन्य पदाधिकारियों और जवानों ने कोडरमा स्टेशन के विभिन्न प्लेटफार्मों पर जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे प्लेटफॉर्म संख्या 03 पर एक युवक एक बैग के साथ खड़ा मिला।संदेह होने पर जीआरपी पुलिस ने उससे नाम-पता पूछा। युवक ने अपना नाम 19 वर्षीय अमित कुमार, पिता सुनील बर्णवाल, निवासी सिकंदरा, जमुई (बिहार) बताया। इसके बाद उससे बैग में रखे सामान की तलाशी लेने को कहा गया।
युवक को उसके बैग के साथ जीआरपी पोस्ट लाया गया
तलाशी के लिए कहने पर युवक घबरा गया और कुछ भी बताने से इनकार करने लगा। इसके बाद युवक को उसके बैग के साथ जीआरपी पोस्ट लाया गया। वहां उसके बैग की तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में नगदी बरामद हुई।युवक ने सोने-चांदी के व्यापार के लिए रुपए ले जाने की कही बात
पूछताछ में युवक ने बताया कि उसके बैग में 25 लाख रुपए नगद है, जिसे वह सोने-चांदी के व्यापार के लिए गया-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस से कोलकाता लेकर जा रहा था। हालांकि, जीआरपी द्वारा नोटों की गिनती करने पर बैग से कुल 40 लाख रुपए बरामद हुए।जीआरपी ने युवक से पैसों के संबंध में कागजात प्रस्तुत करने को कहा। इस पर उसने कागजात प्रस्तुत करने के लिए एक दिन का समय मांगा। बुधवार सुबह जब उसे टेलीफोन के माध्यम से कागजात लेकर जीआरपी पोस्ट आने को कहा गया, तब भी उसके द्वारा कोई कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया।अमित कुमार को आयकर विभाग के हवाले कर दिया जाएगा इसके बाद जीआरपी प्रभारी उपेंद्र कुमार ने उक्त पैसों से संबंधित जानकारी वरीय अधिकारियों को दी। उनके निर्देशानुसार, एसडीओ कोडरमा से आवेदन के माध्यम से एक दंडाधिकारी नियुक्त करने का आग्रह किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार दंडाधिकारी के समक्ष उक्त पैसों की जब्ती सूची बनाकर गिरफ्तार युवक अमित कुमार को आयकर विभाग के हवाले कर दिया जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।