“किसानों की परेशानी बढ़ी: धान क्रय केंद्र बंद, भाकपा नेता रूचिर तिवारी ने उठाई आवाज़”

धान क्रय केंद्र खोलने की मांग तेज , भाकपा नेता रूचिर तिवारी बोले, किसानों के हित में सरकार तुरंत तय करे 25 रुपये एमएसपी

मेदिनीनगर,पलामू: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव एवं डाल्टनगंज विस के पूर्व विधायक प्रत्याशी रूचिर कुमार तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में “सरकार आपके द्वारा” कार्यक्रम से भी अधिक जरूरी किसानों के लिए धान क्रय केंद्र खोलना है। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस वर्ष झारखंड में सामान्य से अधिक वर्षा होने के कारण किसानों ने बड़े पैमाने पर धान की खेती की और अच्छी पैदावार भी हुई है। अब जबकि फसल कटाई शुरू हो गई है, धान क्रय केंद्र बंद होने की वजह से किसान मजबूरी में व्यापारी और साहूकारों को औने-पौने दामों में धान बेचने पर विवश हैं। रूचिर तिवारी ने कहा कि न तो पैक्स के माध्यम से और न ही किसी अन्य माध्यम से सरकार ने अब तक क्रय केंद्र खोला है, न ही धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित किया गया है। यह किसानों के साथ सीधा अन्याय है। पलामू सहित पूरे राज्य के किसान कर्ज लेकर खाद-बीज खरीदते हैं और रबी फसल की तैयारी के लिए उन्हें तुरंत धन की जरूरत पड़ती है, इसलिए वे अपना फसल बेचने को मजबूर हो जाते हैं।
उन्होंने मांग की कि झारखंड सरकार अविलंब धान क्रय केंद्र खोलने की घोषणा करे और न्यूनतम समर्थन मूल्य 25 रुपये प्रति किलोग्राम तय करे, ताकि किसानों के चेहरे पर मुस्कान लौट सके और उनके घरों में खुशहाली आ सके।