खरौंधी कस्तूरबा विद्यालय की घटना की उच्चस्तरीय हो जांच : प्रिंस

खरौंधी कस्तूरबा विद्यालय की घटना की उच्चस्तरीय हो जांच : प्रिंस

गढ़वा : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के पलामू विभाग संयोजक प्रिंस सिंह ने खरौंधी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में छात्राओं के सामूहिक रूप से बीमार पड़ने की घटना को अत्यंत गंभीर, दुर्भाग्यपूर्ण एवं चिंताजनक बताया है। उन्होंने कहा कि यह घटना न केवल शिक्षा व्यवस्था, बल्कि छात्राओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक जवाबदेही पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है।
उन्होंने कहा कि जिन अभिभावकों ने अपनी बेटियों को सुरक्षित एवं बेहतर भविष्य की आशा के साथ विद्यालय में भेजा है, आज वे भय और चिंता के माहौल में हैं। ऐसी घटनाएं किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं।
अभाविप ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए तथा जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। यदि जांच में भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं अथवा विद्यालय प्रबंधन के किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
साथ ही परिषद ने मांग की है कि सभी प्रभावित छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण एवं समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा जिले के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में भोजन, पेयजल, रसोई, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का विशेष निरीक्षण कराया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
अभाविप ने स्पष्ट किया कि छात्राओं की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर परिषद छात्रहित में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए भी बाध्य होगी।