कांडी में बैंक सुरक्षा की जांच, थाना प्रभारी ने CCTV और सुरक्षा इंतजामों का लिया जायजा
बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था पर कांडी थाना प्रभारी की पैनी नजर, सुरक्षा मानकों की हुई जांच
कांडी/गढ़वा। कांडी थाना क्षेत्र में बैंकिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कांडी थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने शुक्रवार को क्षेत्र में संचालित विभिन्न बैंकों का जायजा लिया। इस दौरान स्टेट बैंक, ग्रामीण बैंक एवं यूनियन बैंक में सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण इंतजामों की बारीकी से जानकारी ली गई।
थाना प्रभारी ने बैंकों में तैनात सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, आपातकालीन अलार्म समेत अन्य सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया। उन्होंने बैंक कर्मियों से सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने बैंक प्रबंधन को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने, सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच कराने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने पर जोर दिया।
थाना प्रभारी के इस निरीक्षण से बैंक प्रबंधन और कर्मियों के बीच भी सुरक्षा को लेकर सजगता बढ़ी है। कांडी थाना पुलिस द्वारा बैंक एवं वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सक्रियता दिखाए जाने से स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की गंभीरता स्पष्ट नजर आई।



