JSCA अंतर जिला U-16 क्रिकेट: अर्पित कुमार गिरी की सात विकेट और नाबाद 40 रन की बदौलत गढ़वा की शानदार जीत

JSCA अंतर जिला U-16 क्रिकेट: अर्पित कुमार गिरी की सात विकेट और नाबाद 40 रन की बदौलत गढ़वा की शानदार जीत

गुमला/गढ़वा -: झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) द्वारा आयोजित अंतर जिला अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत आज का मुकाबला शहीद तेलंगा खड़िया क्रिकेट स्टेडियम, गुमला में खेला गया। इस मैच में गढ़वा U-16 टीम ने एकतरफा मुकाबले में सिमडेगा U-16 को 9 विकेट से पराजित किया। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए सिमडेगा U-16 की पूरी टीम 21.2 ओवर में मात्र 57 रन पर ऑलआउट हो गई। सिमडेगा की ओर से तेजस कुमार मित्तल ने 30 गेंदों पर 22 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज़ गढ़वा के गेंदबाज़ों के सामने टिक नहीं सके।

अर्पित कुमार गिरी की कहर बरपाती गेंदबाज़ी

गढ़वा की ओर से अर्पित कुमार गिरी ने घातक गेंदबाज़ी करते हुए 10 ओवर में मात्र 24 रन देकर 7 विकेट झटके। उनके अलावा सम्राट सिंह ने 2 विकेट और हर्षित कुमार गिरी ने 1 विकेट लेकर सिमडेगा की पारी को जल्दी समेट दिया।

बल्लेबाज़ी में भी अर्पित का जलवा

58 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गढ़वा U-16 टीम ने केवल 9.4 ओवर में 1 विकेट खोकर 61 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।अर्पित कुमार गिरी ने नाबाद 40 रन (28 गेंद, 7 चौके) की विस्फोटक पारी खेली, जबकि हर्षित कुमार ने नाबाद 13 रन बनाकर उनका शानदार साथ दिया।

मैन ऑफ द मैच

गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन के लिए अर्पित कुमार गिरी को सर्वसम्मति से मैन ऑफ द मैच चुना गया।